दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। फतेहाबाद थाना क्षेत्र आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे एक सड़क हादसा हो गया। पलिया गांव के पास एक निजी बस के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रहा सवारियों से भरा एक टेंपो बस से टकरा गया।
इस हादसे में टेंपो चालक घायल हो गया, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल टेंपो चालक की पहचान योगेश कुमार पुत्र मोहन सिंह, निवासी गांव बिहारी, थाना निबोहरा के रूप में हुई है। वह फतेहाबाद से सवारियां लेकर आगरा जा रहा था, तभी पलिया गांव के पास यह घटना हुई। बस के अचानक ब्रेक लगाने के कारण योगेश टेंपो पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक योगेश कुमार को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। टेंपो में सवार अन्य यात्रियों को भी हल्की चोटें आई हैं।





















