दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना फतेहाबाद पुलिस एवं सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त टीम ने लूट की घटना में फरार चल रहे एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
इंस्पेक्टर फतेहाबाद विनोद कुमार मिश्रा के अनुसार कैलाश कुमार ने थाना फतेहाबाद में दर्ज कराई गई तहरीर में बताया था कि 9 जुलाई 2026 की रात करीब 9 बजे वह भरापुरा से अपने घर लौट रहे थे। मल्लपुरा पुलिया के पास 3-4 अज्ञात बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर मोबाइल फोन, 1200 रुपये नकद तथा उनकी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल लूट ली थी। इस संबंध में थाना फतेहाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था।
शुक्रवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान फिरोजाबाद तिराहे के पास से वांछित आरोपी सुनील पुत्र लोटन सिंह उर्फ लाल सिंह, निवासी ग्राम रिहावली, थाना फतेहाबाद, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लूट की घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद हुई।
पुलिस ने बताया कि इससे पूर्व 18 जुलाई को इसी मामले में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इस सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र, सर्विलांस सेल प्रभारी सचिन तोमर सहित थाना फतेहाबाद पुलिस एवं सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















