जिला नजर ब्यूरो
इगलास/अलीगढ़। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के संस्थापक स्वर्गीय बालेश्वर लाल की 39वीं पुण्यतिथि 27 मई 2026 को “ग्रामीण पत्रकारिता दिवस” के रूप में मनाई जाएगी। इस संबंध में जिला अध्यक्ष देवेंद्र पाराशर ने जनपद की सभी तहसील इकाइयों के अध्यक्षों एवं महामंत्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि स्वर्गीय बालेश्वर लाल केवल संगठन के संस्थापक ही नहीं, बल्कि ग्रामीण पत्रकारिता के पथ-प्रदर्शक थे। उनकी पुण्यतिथि पत्रकारिता के मूल्यों और संगठन के प्रति संकल्प को दोहराने का अवसर है।
प्रत्येक तहसील में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर संस्थापक को नमन किया जाएगा। साथ ही वरिष्ठ पत्रकारों को स्व. बालेश्वर लाल पत्रकारिता सम्मान-2026 से सम्मानित करने की भी योजना बनाई गई है। कार्यक्रमों में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों, प्रांतीय, मंडलीय एवं जिला पदाधिकारियों को आमंत्रित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दोपहर 10:30 बजे इगलास के प्रकाश कान्वेंट स्कूल में भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें सभी पत्रकार साथियों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि संस्थापक के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि संगठन को मजबूत बनाने और ग्रामीण पत्रकारिता के मूल्यों को आगे बढ़ाने में ही निहित है।





















