अलीगढ़ में सड़क हादसों में मृतकों की संख्या कम करने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से एसएसपी के निर्देशन में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत नशे की हालत में वाहन चलाने वाले तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।चेकिंग अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस एवं यातायात पुलिस ने हाईवे पर यात्रा कर रहे लोगों से संवाद स्थापित करते हुए “मीट एंड ग्रीट” कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान यात्रियों को सड़क सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दी गईं और सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को सीट बेल्ट और हेलमेट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी। अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी रहा।इसी क्रम में अलीगढ़ के कोतवाली इगलास में तैनात कोतवाल डी.के. सिसोदिया ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें और वाहन चलाते समय नशे का सेवन बिल्कुल न करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और नियमों का पालन कर ही स्वयं तथा दूसरों की जान सुरक्षित रखी जा सकती है।पुलिस का कहना है कि आगे भी सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।





















