दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। झपकी आने से अनियंत्रित कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हुए हैं। कार सवार सभी लोग बिहार से चुरू, राजस्थान जा रहे थे।

रविवार देर रात करीब 01:45 बजे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 36.950 पर आगरा से लखनऊ की ओर जा रही टैक्सी कार संख्या RJ10TA2481 (KIA Carens) आगे चल रहे कंटेनर संख्या NL01AC5856 से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का कंडक्टर साइड वाला आधा हिस्सा फटकर कंटेनर में फंस गया। हादसे के बाद कंटेनर चालक कंटेनर को किलोमीटर 36.800 पर खड़ा कर मौके से फरार हो गया।

कार को मोहम्मद सोएब पुत्र मोहम्मद सलीम, निवासी सरदार शहर, सुल्तानगढ़, जिला चुरू, राजस्थान चला रहे थे।
कार में कुल 8 लोग सवार थे जिनमे
1. चालक मोहम्मद सोएब पुत्र मोहम्मद सलीम – घायल
2. परमिता कुमारी पत्नी राजीव कुमार – घायल
3. राजीव कुमार पुत्र रूपचंद – घायल
4. पूजा कुमारी पत्नी सुनील कुमार – घायल
5. अयान्श (8 वर्ष) पुत्र सुनील कुमार – घायल
6. शंकर कुमार पुत्र रीत करन – मृतक
7. सुनील कुमार पुत्र कांती – मृतक
8. प्रीति (पता अज्ञात) – मृतक
हादसे में शंकर कुमार, सुनील कुमार और प्रीति की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों के शव कार में बुरी तरह फंस गए थे। वहीं, चालक समेत 5 लोग घायल हुए हैं।
सूचना मिलते ही चौकी लुहारी पुलिस, पीआरवी 9069, 5619, एसएसडी एंबुलेंस 21, एटलस एंबुलेंस 54, यूपीडा 5 की टीम, एसएचओ राधामोहन दिवेदी फतेहाबाद मय फोर्स, एटलस सेफ्टी टीम और हाइड्रा मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकालकर एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा की मोर्चरी भेजा गया। घायलों को सीएचसी फतेहाबाद में भर्ती कराया गया है।
मृतका प्रीति के आभूषण और अन्य सामान पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। क्षतिग्रस्त कार को चौकी लुहारी परिसर और कंटेनर को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया है। फिलहाल एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारू है। पुलिस फरार कंटेनर चालक की तलाश कर रही है।





















