दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहाबाद में डिलीवरी के बाद स्टाफ नर्स पर रुपये लेने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को वरीपुरा निवासी एक बुजुर्ग महिला ने उपजिलाधिकारी स्वाती शर्मा से न्याय की गुहार लगाई।
एसडीएम कार्यालय पहुंची शीला पत्नी छविराम ने भावुक होकर कहा, “बिटिया, हमाई मदद कर दो… सरकारी अस्पताल में डिलीवरी के हमसे पैसा ले लिए हैं, हमाई कोई ना सुन रहो।” उनके साथ प्रसूता अंजली पत्नी हरीशंकर और पति हरीशंकर तथा आशा कार्यकर्ता रेखा देवी भी मौजूद थीं।
परिजनों का आरोप है कि अंजली की सीएचसी फतेहाबाद में डिलीवरी हुई थी। छुट्टी के समय अस्पताल की स्टाफ नर्स ममता भदौरिया ने दो हजार रुपये की मांग की। आरोप है कि 1800 रुपये देने के बाद भी 200 रुपये कम होने की बात कहकर छुट्टी का पर्चा और दवा देने से इंकार कर दिया गया। विरोध करने पर शीला देवी के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें अस्पताल से बाहर निकाल दिया गया।
आशा कार्यकर्ता रेखा देवी ने भी आरोप लगाया कि छुट्टी का पर्चा लेने पहुंचने पर उनसे भी 200 रुपये मांगे गए। रुपये न देने पर उनके साथ धक्का-मुक्की की गई। पीड़ित परिवार ने एसडीएम स्वाती शर्मा को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अभिषेक चौहान ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच के लिए टीम गठित की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





















