दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। कस्बा फतेहाबाद के गांव प्रतापपुरा में बिना वन विभाग की अनुमति एक विशाल नीम के पेड़ को काटे जाने की सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। टीम ने कटान का कार्य तत्काल रुकवाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार गांव प्रतापपुरा में मंजुल शर्मा पुत्र विध्याराम के यहां वर्षों पुराने विशाल नीम के पेड़ पर आरी चल रही थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कटान कर रहे लोगों से अनुमति संबंधी अभिलेख मांगे। मौके पर वैध अनुमति नहीं मिलने पर पेड़ की कटाई रुकवा दी गई।
वन क्षेत्राधिकारी विशाल सिंह राठौर ने बताया कि बिना स्वीकृति के पेड़ काटे जाने की सूचना मिली थी। टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। यदि जांच में बिना अनुमति पेड़ काटने की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में इसकी चर्चा बनी रही।





















