दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना डौकी पुलिस ने थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का मुकदमा दर्ज करने के 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के दो डीवीआर तथा 2,520 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को थाना डौकी में पेट्रोल पंप संचालक ने तहरीर देकर बताया कि 18 जुलाई की सुबह करीब 3 बजे पंप पर कार्य करने वाले कर्मचारी द्वारा पेट्रोल पंप से नकदी और डीवीआर चोरी कर लिए गए थे। इस संबंध में थाना डौकी पर मामला दर्ज किया गया था।
आरोपी को पकड़ने के लिए गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए शाहरुख पुत्र रसीद अहमद उर्फ कल्लू खां, निवासी मोहल्ला मिश्रान , थाना फतेहाबाद को वाजिदपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 18 जुलाई को आरआर फिलिंग पेट्रोल पंप, कुंडोल से नगदी चोरी की थी तथा पहचान छिपाने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर भी निकाल लिए थे। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो डीवीआर और 2,520 रुपये नकद बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुनीत शर्मा, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह तोमर, उपनिरीक्षक मोहित चौहान, तथा आरक्षी आनंद एवं देवेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















