दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। तहसील मुख्यालय पर शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम स्वाति शर्मा ने जनता की समस्याएं सुनीं।
इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 32 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
समाधान दिवस में निवोहरा के ग्राम समंश का पुरा और फतेहाबाद के ग्राम खंडेर के ग्रामीणों ने गांव में तालाब का पानी ओवरफ्लो होने से हुए जलभराव की गंभीर समस्या रखी। एसडीएम ने संबंधित खंड विकास अधिकारी को तत्काल पानी निकासी के इंतजाम करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर तहसीलदार बब्लेश कुमार, नायब तहसीलदार प्रमोद कुमार, खंड विकास अधिकारी रजत कुशवाहा, उपखंड अधिकारी गौरव राजपूत समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।





















