दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। फतेहाबाद के ग्राम कृपालपुरा में तालाब का पानी ओवरफ्लो होने और घरों से निकलने वाले गंदे पानी के सड़क पर भर जाने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव में जलभराव और गंदगी के अंबार लगने से आवागमन मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, यह समस्या कई वर्षों से बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।
जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे गांव में बीमारी फैलने की आशंका बढ़ गई है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को गंदे पानी से होकर निकलने में सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है।
समस्या से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को एसडीएम
फतेहाबाद और अन्य अधिकारियों से शिकायत कर सफाई और जल निकासी की मांग की। ग्रामीणों ने रोष जताते हुए जल्द राहत न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी।
इस संबंध में ग्राम प्रधान बंटी कुशवाह ने बताया कि जलभराव की समस्या को देखते हुए पानी निकासी की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जमा पानी निकालकर गांव को जलभराव से मुक्त कर दिया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो गांव में गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।





















