दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा ने शनिवार को कस्बा फतेहाबाद में ‘वरिष्ठजन सम्मान अभियान’ के तहत घर-घर जाकर बुजुर्गों का सम्मान किया। अभियान का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और समाज में उनके योगदान को सम्मान देना है।
इसी क्रम में पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा ने वरिष्ठ अधिवक्ता शिव स्वरूप गुप्ता और सेवानिवृत्त अध्यापक श्री भगवान गुप्ता के आवास पहुंचकर उन्हें पटका पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने दोनों वरिष्ठजनों को सरकार की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक भी भेंट की।
जितेंद्र वर्मा ने कहा कि बुजुर्ग समाज की धरोहर होते हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है। भाजपा हमेशा वरिष्ठजनों के सम्मान और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि समाज में बुजुर्गों को उनका उचित सम्मान मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष अंकित गुप्ता, संजय अनवारिया, आलोक बछरवार, हरि सिंह कर्दम अवकेश गोलस समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने वरिष्ठजनों का अभिनंदन कर उनके स्वस्थ और दीर्घायु होने की कामना की।
स्थानीय लोगों ने पूर्व विधायक के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में सम्मान और संस्कार को बढ़ावा देते हैं।





















