जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के नेतृत्व में होगा भव्य स्वागत
शमसाबाद/आगरा। गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने और गौ-रक्षा के संकल्प के साथ निकाली जा रही 81 दिवसीय “गविष्टि गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा” का 7 जून 2026, रविवार को शमसाबाद नगर में भव्य स्वागत व अभिनंदन किया जाएगा।
परमपूज्य परमहंस परमधर्माधीश उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर अनन्तश्री विभूषित जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के पावन सानिध्य में यह यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा का मूल मंत्र “अर्हं हनं वृत्रं गविष्टौ” है।
गौ-सेवकों ने की तैयारियां पूरी
शमसाबाद में यात्रा के स्वागत के लिए गौ-सेवकों द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। गौ-सेवक रुपाली अशोक दीक्षित, योगेश त्यागी, पं. अपूर्व शर्मा एवं समस्त सनातनी समाज के नेतृत्व में नगर में जगह-जगह स्वागत की तैयारियां चल रही हैं।
क्या है गविष्टि यात्रा का उद्देश्य
यह यात्रा गौमाता की रक्षा, संवर्धन एवं गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध के लिए जनजागरण हेतु निकाली जा रही है। 81 दिनों तक चलने वाली इस धर्मयुद्ध यात्रा के माध्यम से देशभर में गौ-रक्षा का संदेश दिया जा रहा है।
गौ-सेवकों ने शमसाबाद क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमियों, गौभक्तों एवं नगरवासियों से 7 जून को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर यात्रा का स्वागत करने और धर्मयुद्ध में सहभागी बनने की अपील की है।





















