दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना निबोहरा क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह वर्षीय बालिका की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव हीरापुरा निवासी मुकेश अपनी पुत्रियों जानवी (6) और ज्योति को आंगनबाड़ी केंद्र भोजपुरा लेकर जा रहे थे। इसी दौरान सोमवार सुबह करीब 11 बजे नहर के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जानवी को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए आगरा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश करते हुए मामले की जांच में जुटी है।





















