दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। तहसील फतेहाबाद को नए तहसीलदार के रूप में शेखर कुमार मिश्रा मिल गए हैं। उन्होंने सोमवार को विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद तहसील परिसर में उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।
इस अवसर पर निवर्तमान तहसीलदार बबलेश कुमार सहित तहसील के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवागत तहसीलदार को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं। सभी ने उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना की।
कार्यभार संभालने के बाद तहसीलदार शेखर कुमार मिश्रा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध ढंग से राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों का निस्तारण कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा तथा तहसील में आने वाले प्रत्येक फरियादी को बेहतर और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि टीम भावना के साथ कार्य करने से शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन होगा और जनता का विश्वास भी मजबूत होगा।
इस दौरान तहसील के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





















