दैनिक जिला नगर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। तहसील फतेहाबाद के ग्राम ककरीली बेहड़ी निवासी एक किसान ने लेखपाल पर चक मार्ग की पैमाइश में अनियमितता करने, रिश्वत मांगने और विरोध करने पर धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता रामशंकर पुत्र बनवारी लाल के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को गांव में चक मार्ग की पैमाइश के दौरान लेखपाल ने पहले से हो चुकी पैमाइश के बावजूद उनके चक खाता संख्या 233 के बीच से दोबारा नाप कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर लेखपाल ने उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी।
प्रार्थना पत्र में रामशकंर ने यह भी आरोप लगाया है कि लेखपाल उनसे रुपये की मांग कर रहा है। रिश्वत देने से इनकार करने पर जानबूझकर उनके चक के बीच से नाप कर आर्थिक एवं मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया गया है।
उपजिलाधिकारी को सौंपे गए इस प्रार्थना पत्र के दौरान रामशंकर , मुकेश चंद बनवारी लाल रामदास राम भारत सुल्तान सिंह, राज बहादुर तुकाराम महेश चंद पंचम सिंह समेत अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।





















