गोविन्द पाराशर– संवाददाता आगरा
आगरा। सुभाष बाजार में नाले पर बनी दुकान के ढहने से मलबे में दबकर लापता हुई महिला गंगा देवी का शव छठवें दिन सोमवार को बरामद हो गया। खबरों के अनुसार, नाले में चलाए जा रहे तलाशी अभियान के बीच दोपहर में किले के पास नाले पर बने पुल के नीचे शव मिला।
मृतका के परिजनों ने शव की पहचान गंगा देवी के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गौरतलब है कि मंटोला के सुभाष बाजार में नाले के ऊपर बनी दो मंजिला दुकान विगत बुधवार की दोपहर बारिश के बीच ढह गई थी। दुकान का मलबा नाले में समा गया।
मलबे में दुकानदार व महिला सिपाही उसकी मासूम पुत्री सहित छह लोग दब गए थे पुलिस ने दुकानदारों के सहयोग से मलबा हटाकर डेढ़ वर्षीय बच्ची सहित पांच लोगों को मलबे से बाहर निकाला।
महिला सिपाही की मां मलबे के साथ नाले के अंदर चली गईं थीं। एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम ने छह दिन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। आखिरकार सोमवार की दोपहर मृतका का शव बरामद हो गया।





















