• गोविन्द पाराशर– जिला नज़र संवाददाता आगरा
आगरा। करीब सोलह करोड़ रुपये की चांदी लेकर परिवार सहित घर से गायब हुए कारोबारी राहुल जैन की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। राहुल पर सादाबाद के 35 से अधिक लोगों की 630 किलोग्राम चांदी हड़पने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
राहुल जैन उसकी पत्नी एवं पिता समेत सात लोगों के विरुद्ध कमला नगर थाने में अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस बीच यह भी पता चला है कि राहुल के गायब होने पर उसके पिता संपत कुमार जैन ने विगत आठ अप्रैल को कमला नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पिता के अनुसार बेटा राहुल जैन पत्नी और बच्चों के साथ घर से गया, जिसके बाद नहीं लौटा। घटनाक्रम के अनुसार, पड़ोसी जनपद हाथरस के सादाबाद स्थित नगला सिर्कुरा निवासी ओम प्रकाश चौधरी ने मुकदमा दर्ज कराया है।
उन्होंने पुलिस को बताया कि शांति नगर निवासी चांदी कारोबारी राहुल कुमार जैन से उनके वर्ष 2005 से पारिवारिक संबंध थे।
कई वर्ष पहले राहुल जैन अपने पिता संपत कुमार जैन और भाई संभव जैन के साथ के साथ घर पर आए। गांव के लोगों से कारोबार के लिए चांदी उधार दिलाने की बात कही। मुनाफा होने पर लाभ देने को कहा।
पारिवारिक संबंध होने के चलते विश्वास में आकर उन्होंने सादाबाद के रहने वाले अपने परिचितों नाहर सिंह, साहब सिंह, राहुल, हरपाल सिंह, रमेश, गजेंद्र सिंह, अनेक सिंह, ब्रजमोहन, संजय, सुभाष, सोहन समेत 30 से अधिक लोगों की 630 किलोग्राम चांदी दिला दी, जिसका मूल्य लगभग 16 करोड़ रुपये था।
राहुल जैन से एक वर्ष पहले लोगों की चांदी लौटाने को कहा तो वह टालमटोल करने लगा। कहने लगा कि कुछ समय बाद लौटा देंगे।
ओम प्रकाश चौधरी के अनुसार चांदी उधार देने वालों के साथ वह विगत 10 अप्रैल को राहुल जैन के घर पर पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला।
जानकारी करने पर पता चला कि राहुल जैन अपनी पत्नी रिंकी जैन, बच्चों, साढ़ू गौरव जैन के साथ पांच अप्रैल की रात को ही घर खाली करके गायब हो गया था। अपने स्तर से छानबीन करने पर पता चला कि राहुल अपनी ससुराल शमसाबाद जाने की कहकर गया था।
लोगों को 630 किलोग्राम चांदी लेकर गायब होने का पता चला तो उनके पैरों तले नीचे की जमीन खिसक गई। उन्होंने इस धोखाधड़ी और साजिश की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। ओम प्रकाश चौधरी के साथ पीड़िताें ने पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से शिकायत की।
उनके निर्देश पर कमला नगर थाने में राहुल कुमार जैन, उसकी पत्नी रिंकी, पिता संपत कुमार जैन, भाई संभव जैन, गौरव जैन, सुनील कुमार समेत सात लोगों के विरुद्ध अमानत में खयानत की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने मीडिया से कहा कि मुकदमा दर्ज किया गया है, जांच जारी है।























