दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है।
इंस्पेक्टर तरुण धीमान ने बताया कि कस्बा फतेहाबाद की पुरानी गल्ला मंडी निवासी अनुज गुप्ता ने थाना फतेहाबाद में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि रविवार रात अज्ञात चोर ने उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया।
घटना के खुलासे के लिए थाना पुलिस की टीम गठित कर पतारसी और सुरागरसी की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सूरज गुप्ता पुत्र मनोज गुप्ता, निवासी पुरानी गल्ला मंडी, फतेहाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर उसकी आटा चक्की से चोरी का पूरा सामान बरामद किया गया, जिसमें 2 कंगन, 2 अंगूठी, 1 चेन, 2 कान के कुंडल सोने के तथा 5 सिक्के चांदी के शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी को बरामद माल सहित न्यायालय में पेश कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा मजबूत हुआ है।























