दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। कस्बा फतेहाबाद के मोहल्ला जरारी हाउस में बुधवार को एक विवाहिता का शव कमरे में पंखे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
कस्वा के मोहल्ला जरारी हाउस निवासी 28 वर्षीय रूमा पत्नी नीरज का शव बुधवार को घर के कमरे में साड़ी के फंदे से पंखे पर लटका मिला।
मृतका का भाई रोहित सुबह करीब 11 बजे अपनी बहन के घर नहाने के लिए पहुंचा था। कमरे में पहुंचने पर उसने रूमा का शव फंदे पर लटका देखा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
बताया गया है कि रोहित अपने बहनोई नीरज के साथ होटल पर काम करता है। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर तरुण धीमान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका अपने पीछे एक पुत्र बीटू तथा दो बेटियां ईसू और छुटकी को छोड़ गई है। घटना के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





















