दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। विश्व धरोहर स्थल फतेहपुर सीकरी स्मारक में अब पर्यटक रात्रि के समय भी ऐतिहासिक इमारतों की भव्यता का आनंद ले सकेंगे। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा स्मारक परिसर में लाइट एंड साउंड शो आयोजित करने की मंजूरी दे दी गई है।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि फतेहपुर सीकरी स्मारक में लाइट एंड साउंड शो की अनुमति प्रदान कर दी गई है। साथ ही भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (ASI) से भी आवश्यक स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना का रास्ता साफ हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुगल सम्राट अकबर की राजधानी रहे फतेहपुर सीकरी के दीवाने-आम क्षेत्र में यह विशेष लाइट एंड साउंड शो आयोजित किया जाएगा।

शो के माध्यम से पर्यटकों को मुगलकालीन इतिहास, स्थापत्य कला और अकबर के शासनकाल से जुड़ी जानकारियां आधुनिक प्रकाश एवं ध्वनि तकनीक के जरिए प्रस्तुत की जाएंगी।
पर्यटन विभाग का मानना है कि इस योजना के शुरू होने से फतेहपुर सीकरी में रात्रिकालीन पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि होने की संभावना है। स्थानीय पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों ने भी इस पहल का स्वागत किया है।





















