मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना बनेगी प्रतिभाओं की उड़ान का मजबूत मंच – जिलाधिकारी अलीगढ
अलीगढ़l प्रतिभाशाली एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के नए सत्र की तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में योजना को अधिक प्रभावी, परिणामोन्मुख एवं छात्र-केंद्रित बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना उन युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जो प्रतिभा और क्षमता तो रखते हैं, लेकिन संसाधनों के अभाव में गुणवत्तापूर्ण कोचिंग प्राप्त नहीं कर पाते। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत योग्य एवं अनुभवी अतिथि प्रवक्ताओं का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप उच्च गुणवत्ता का मार्गदर्शन मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा ही नहीं, बल्कि परीक्षा रणनीति, व्यक्तित्व विकास और करियर मार्गदर्शन का भी लाभ उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में नए शैक्षिक सत्र के संचालन, कोर्स कोऑर्डिनेटर की तैनाती, अतिथि प्रवक्ताओं के चयन तथा अभ्यर्थियों के प्रवेश संबंधी बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंच बनाकर उन्हें सफलता के लिए सक्षम वातावरण उपलब्ध कराना है।
मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत संघ लोक सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, जेईई, नीट, एनडीए, सीडीएस, एसएससी, बैंकिंग और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष 16 अतिथि प्रवक्ताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अध्यापन कराया गया था। वर्तमान सत्र के लिए अतिथि प्रवक्ताओं के चयन हेतु प्राप्त आवेदनों की संख्या 48 है, जिससे विद्यार्थियों को विषय विशेषज्ञों का बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की संभावनाएं और मजबूत हुई हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी विनीत मलिक ने बताया कि नए सत्र के लिए प्रतियोगी विद्यार्थियों में भी उत्साह दिखाई दे रहा है। अब तक सिविल सेवा वर्ग में 64, एसएससी में 63, नीट में 22 तथा जेईई में 5 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अध्ययन सामग्री एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए सशक्त बनाया जाए। बैठक में चयन समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।





















