बिना अतिरिक्त खर्च और लंबी कानूनी प्रक्रिया के निस्तारण का मार्ग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने शुरू की तैयारी
अलीगढ़l आमजन को सुलभ, त्वरित एवं प्रभावी न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने विशेष पहल करते हुए अगस्त माह में आयोजित होने वाली मा0 सर्वाेच्च न्यायालय की विशेष लोक अदालत के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव साक्षी गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पराविधिक स्वयंसेवकों को उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। बैठक में सचिव ने कहा कि विशेष लोक अदालत उन पक्षकारों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है जिनके मामले मा० सर्वाेच्च न्यायालय में लंबित हैं। इस पहल का उद्देश्य आपसी सहमति और संवाद के माध्यम से वर्षों से लंबित विवादों का सौहार्दपूर्ण एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी पीएलवी को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने आवंटित गांवों, कस्बों एवं क्षेत्रों में घर-घर संपर्क कर ऐसे परिवारों की पहचान करें, जिनके प्रकरण सर्वाेच्च न्यायालय में विचाराधीन हैं। सचिव ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक लोगों को न्यायिक प्रक्रियाओं एवं वैकल्पिक विवाद निस्तारण व्यवस्थाओं की पर्याप्त जानकारी नहीं होती। ऐसे में पीएलवी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे लोगों को यह समझाएं कि विशेष लोक अदालत के माध्यम से बिना अतिरिक्त खर्च, अनावश्यक भागदौड़ और लंबी न्यायिक प्रक्रिया के आपसी सहमति से विवादों का समाधान संभव है, जिससे समय और संसाधनों दोनों की बचत होगी। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जो पक्षकार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया या तकनीकी माध्यमों का उपयोग करने में असमर्थ हैं, उनकी सहायता सुनिश्चित की जाए। पीएलवी ऐसे लोगों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करते हुए सर्वाेच्च न्यायालय की वेबसाइट ेबप.हवअ.पद पर उपलब्ध गूगल फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग करेंगे, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस महत्वपूर्ण अवसर से वंचित न रह जाए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की इस पहल को न्याय तक आसान पहुंच और जनसामान्य को न्यायिक व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विशेष लोक अदालत के माध्यम से बड़ी संख्या में लंबित मामलों के सौहार्दपूर्ण निस्तारण की उम्मीद व्यक्त की जा रही है। इस अवसर पर पीएलवी सोनम कुमारी, सईदा खातून, नीरजा सिन्हा, सत्यप्रकाश गोयल, आभा वार्ष्णेय, चंचल सारस्वत, चेतना वार्ष्णेय, धनवन्तरी, योगेन्द्र कुमार, पूजा, राजा भानु समेत अन्य पीएलवी उपस्थित रहे।





















