कासगंज। जनपद के थाना सुन्नगढ़ी क्षेत्र अंतर्गत गंजडुंडवारा-कादरगंज मार्ग पर महमूदपुर गांव के निकट दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए। मृतक की पहचान सिंकन्द्रपुर वैश्य थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर अरोरा निवासी राजू के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलों के परखच्चे उड़ गए और सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के द्वारा जानकारी देते हुए बताया कि- थाना सुन्नगढ़ी पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों के बीच सड़क दुर्घटना हुई थी, जिसमें घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उपचार के दौरान एक युवक की मृत्यु हो गई। पुलिस मृतक के शव का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई कर रही है। मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।





















