हाथरस। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में गत 11 जुलाई 2026 को शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनज़र छात्राओं को अस्थायी रूप से अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया था। सभी आवश्यक सुरक्षा एवं आधारभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित होने के बाद छात्राओं को पुनः विद्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया।
इसी क्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास, कक्षाओं, भोजनालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को छात्राओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से आत्मीय संवाद स्थापित किया, उनका हालचाल जाना तथा उन्हें आपदा के समय सतर्क रहने, घबराने के बजाय संयम से काम लेने और आग अथवा अन्य आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को बताया कि किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल शिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को सूचना दें और निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालय में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के बाद ही छात्राओं को वापस स्थानांतरित किया गया है, ताकि वे सुरक्षित वातावरण में अपनी शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रख सकें। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं विद्यालय स्टाफ भी उपस्थित रहे।





















