एक जनपद एक व्यंजन योजना से स्थानीय उद्यमियों को मिलेगा नया अवसर
अलीगढ़ l स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तार प्रदेश सरकार द्वारा संचालित “एक जनपद एक व्यंजन योजना” जिले के युवाओं, महिलाओं एवं उद्यमियों के लिए रोजगार का नया माध्यम बनकर उभर रही है। योजना के अंतर्गत अलीगढ़ के चयनित व्यंजनों डेयरी उत्पाद, कचौड़ी एवं इगलास की प्रसिद्ध चमचम से संबंधित नई इकाइयों की स्थापना, विस्तार एवं विविधीकरण के लिए बैंकों के माध्यम से अनुदानयुक्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उपायुक्त उद्योग सूर्य प्रकाश यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार का उद्देेश्य स्थानीय स्वाद और पारंपरिक व्यंजनों को प्रोत्साहित करते हुए रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर सृजित करना है। योजना के माध्यम से छोटे उद्यमी अपने व्यवसाय को नई पहचान देने के साथ-साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगे। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदक की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए तथा वह किसी बैंक अथवा वित्तीय संस्था का डिफाल्टर नहीं होना चाहिए। साथ ही, आवेदक पूर्व में प्रधानमंत्री रोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना अथवा अन्य स्वरोजगार योजनाओं का लाभ प्राप्त न किया हो।उपायुक्त उद्योग ने जिले के इच्छुक युवाओं, महिला उद्यमियों एवं पारंपरिक खाद्य व्यवसाय से जुड़े व्यक्तियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने कारोबार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि योजना न केवल स्थानीय व्यंजनों की ब्रांडिंग को बढ़ावा देगी, बल्कि रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगी। योजना की विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्यदिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, अलीगढ़ से संपर्क कर सकते हैं।





















