हाथरस। जनपद के चंदपा थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी परती बनारसी में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। आरोप है कि मानसिक रूप से अस्वस्थ और नशे का आदी युवक ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मैनपुरी जिले के चितायन गांव निवासी कोमल उम्र 27वर्ष की शादी चार वर्ष पहले गढ़ी परती बनारसी निवासी अभिषेक से हुई थी। ग्रामीणों के मुताबिक अभिषेक शराब का आदी था और अक्सर नशे की हालत में पत्नी के साथ मारपीट करता था। परिजनों ने उसकी शराब की लत छुड़ाने के लिए उसे एक बार नशा मुक्ति केंद्र में भी भर्ती कराया था, लेकिन उसकी आदत में सुधार नहीं आया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। कुछ देर बाद घर से चीख-पुकार की आवाजें बंद हो गईं। ग्रामीणों ने अभिषेक को घर से भागते देखा। जब पड़ोसी घर के अंदर पहुंचे तो कोमल लहूलुहान अवस्था में जमीन पर पड़ी मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सीओ सादाबाद जेएन अस्थाना, थाना चंदपा पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
सीओ सादाबाद जेएन अस्थाना ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गला दबाकर हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतका के मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है। उनकी तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी पति की तलाश के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही





















