मिशन शक्ति अभियान के तहत आपसी मतभेद दूर कर कराई सुलह
एटा। उत्तर प्रदेश पुलिस के मिशन शक्ति अभियान के तहत परिवार परामर्श केंद्र एटा की टीम ने सराहनीय पहल करते हुए आपसी मतभेद और पारिवारिक कलह के कारण अलग रह रहे दो दंपति जोड़ों के बीच सुलह कराकर उन्हें पुनः एक साथ रहने के लिए राजी कर लिया।
परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों की काउंसलिंग की गई, जहां परामर्शदाताओं ने धैर्यपूर्वक दोनों पक्षों की समस्याएं सुनीं और आपसी संवाद के माध्यम से उनके मतभेद दूर कराए। समझाइश के बाद दोनों दंपतियों ने आपसी सहमति से अपने विवाद समाप्त कर साथ रहने का निर्णय लिया।
परामर्श केंद्र की टीम ने दोनों जोड़ों को उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए एक साथ विदा किया। अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत परिवारों को टूटने से बचाने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से इस प्रकार के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।





















