अलीगढ़। जनपद के पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान के लिए 08 जून को जिला सैनिक बन्धु बैठक का आयोजन किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अविनाश कुमार करेंगे।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बैठक 08 जून को अपराह्न 1 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगी। विंग कमांडर जितेन्द्र कुमार चौहान एवं जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ने जिले के सभी पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों से बैठक में समय से उपस्थित होने की अपील की है।
उन्होंने कहा है कि जिन पूर्व सैनिकों अथवा उनके परिवारजनों की कोई समस्या लंबित है, वे संबंधित प्रार्थना पत्र एवं आवश्यक अभिलेखों के साथ बैठक में उपस्थित होकर अपनी समस्या सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रख सकते हैं। बैठक में प्राप्त शिकायतों और समस्याओं के त्वरित निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों से अधिक से अधिक संख्या में बैठक में भाग लेने का अनुरोध किया है, ताकि उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।





















