दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहाबाद पर वेतन भुगतान की मांग को लेकर संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का धरना बृहस्पतिवार को चौथे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए अस्पताल परिसर में फर्श पर बैठकर प्रदर्शन किया।
धरने के दौरान संविदा कर्मचारियों के जिला अध्यक्ष डॉ. महेंद्र यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद स्वास्थ्य कर्मचारियों ने तुरंत प्राथमिक उपचार कर उनकी हालत को संभाला। इसके बाद कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द वेतन भुगतान की मांग दोहराई।
जिला अध्यक्ष डॉ. महेंद्र यादव ने कहा कि वह कर्मचारियों के हितों की लड़ाई अपनी अंतिम सांस तक लड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि संविदा कर्मचारियों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जब तक वेतन संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिसके चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
धरने में बड़ी संख्या में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहे और सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों को पूरा करने की बात कही। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।





















