दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव बबूल खाना में शुक्रवार रात को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जिसमें एक पक्ष ने मारपीट व लूट का आरोप लगाया है, वहीं दूसरे पक्ष ने गोली मारने की बात कही है।
प्रथम पक्ष के अनुसार, गांव नगरिया निवासी भगवानदास दूध लेकर अपने घर जा रहा था और उसके पास करीब ₹50,000 नगद थे, जो घर में शादी के लिए लाए गए थे।
आरोप है कि शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे गांव के रास्ते में पुरानी रंजिश के चलते 4-5 लोगों ने उसे घेरकर मारपीट कर दी। पीड़ित पक्ष का कहना है कि करीब 6 माह पूर्व हुए विवाद को लेकर आरोपी आए दिन झगड़ा करते रहते थे। घटना के बाद पीड़ित पक्ष थाने पहुंचा।
वहीं, कुछ ही देर बाद द्वितीय पक्ष की ओर से फतेह सिंह के पैर में गोली लगने की सूचना मिली, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। फतेह सिंह के पैर में गोली लगने का घाव पाया गया।
द्वितीय पक्ष के जंगजीत ने बताया कि विक्रम सिंह दावत से लौटते समय गुलाब सिंह हीरापुर के घर से अपने घर जा रहा था, तभी बबूल खाना रोड पर करीब 7 बजे रास्ते में 6-7 लोगों ने उसे रोक लिया और गोली मार दी।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके लड़कों के नौकरी पर जाने को लेकर दूसरे पक्ष से रंजिश थी, जिसके चलते आए दिन विवाद होता रहता था।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार गौतम ने बताया कि गोली लगने की सूचना मिली थी, मामला संदिग्ध है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।























