12 जून को एएमयू के कैनेडी ऑडिटोरियम में होगी मण्डलीय औद्यानिक उन्नयन गोष्ठ
अलीगढ़ l मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि मा० राज्य मंत्री, स्वतंत्र प्रभार उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात, उत्तर प्रदेश सरकार, दिनेश प्रताप सिंह के मुख्य आतिथ्य में अलीगढ़ एवं आगरा मण्डल की मण्डलीय औद्यानिक उन्नयन गोष्ठी का आयोजन 12 जून को प्रातः 10 बजे से अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कैनेडी ऑडिटोरियम में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस गोष्ठी में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, गन्ना विकास, पंचायत राज एवं महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी किसानों एवं आमजन को उपलब्ध कराई जाएगी।
सीडीओ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विभागों की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आयोजन स्थल पर आकर्षक एवं उत्कृष्ट विभागीय स्टॉल स्थापित कराएं और योजनाओं से संबंधित साहित्य, प्रदर्शन सामग्री एवं तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, जिससे अधिकाधिक कृषक एवं लाभार्थी सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। गोष्ठी में अलीगढ़ एवं आगरा मंडल एवं बुलन्दशहर के कृषक, उद्यान उत्पादक, स्वयं सहायता समूह, प्रगतिशील किसान एवं विभागीय अधिकारी प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि एवं उद्यानिकी तकनीकों, मूल्य संवर्धन, विपणन एवं निर्यात की संभावनाओं से भी अवगत कराया जाएगा।





















