जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के चलते अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पिछले तीन दिनों से अभ्यर्थियों का भारी जमावड़ा देखने को मिला। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से परीक्षा देने पहुंचे हजारों अभ्यर्थियों की आवाजाही के कारण रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म और प्रतीक्षालय यात्रियों से खचाखच भरे रहे।

परीक्षा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना होने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे, जिससे ट्रेनों में भी अत्यधिक भीड़ देखने को मिली। कई छात्रों को ट्रेन पकड़ने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा, जबकि प्लेटफॉर्म पर भी पैर रखने तक की जगह नहीं बची।

भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ एवं राजकीय रेलवे पुलिस जीआरपी लगातार मुस्तैद रही। रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर यात्रियों को व्यवस्थित ढंग से प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने की व्यवस्था की।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार पुलिस भर्ती परीक्षा के कारण यात्रियों की संख्या में असामान्य वृद्धि हुई है। परीक्षा समाप्त होने के बाद भी स्टेशन पर अभ्यर्थियों और यात्रियों का दबाव बना हुआ है। रेलवे प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर उमड़ी यह भीड़ पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने पहुंचे अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को दर्शाती है, जिसके चलते स्टेशन परिसर में पूरे दिन चहल-पहल और गहमागहमी का माहौल बना रहा।





















