गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 6 (आगरा छोर) पर एक महिला यात्री ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। रेलवे कर्मचारियों एवं रेलवे चिकित्सक की तत्परता से जच्चा और नवजात बच्ची दोनों सुरक्षित एवं स्वस्थ हैं।आज दोपहर में उप स्टेशन प्रबंधक (कॉमर्शियल), मथुरा जंक्शन को आरपीएफ सीसीटीवी कंट्रोल रूम से सूचना प्राप्त हुई कि प्लेटफार्म संख्या 6 पर एक महिला यात्री को तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही रेलवे अस्पताल को अवगत कराया गया तथा रेलवे चिकित्सक डॉ. अभय अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि महिला यात्री का प्रसव हो चुका था और उन्होंने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया था। डॉ. अभय एवं उनकी टीम ने जच्चा एवं नवजात बच्ची को तत्काल प्राथमिक उपचार प्रदान किया। इसके उपरांत रेल सुरक्षा बल एवं वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों के सहयोग से दोनों को बेहतर चिकित्सीय देखभाल के लिए जिला अस्पताल, मथुरा रेफर किया गया।महिला यात्री की पहचान धनकुंवर (35 वर्ष), निवासी बैरवारा, जनपद ललितपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। उनके पति भी मौके पर उपस्थित थे। महिला यात्री बावल (हरियाणा) से मथुरा जंक्शन की यात्रा कर रही थीं।
उत्तर मध्य रेलवे, आगरा मंडल यात्रियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। रेलवे कर्मचारियों, रेल सुरक्षा बल, वाणिज्य विभाग एवं चिकित्सकीय टीम की संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय सेवा भावना के परिणामस्वरूप जच्चा और नवजात बच्ची दोनों पूर्णतः स्वस्थ एवं सुरक्षित हैं।























