मथुरा जंक्शन।गुरु पूर्णिमा मेला-2026 के अवसर पर मथुरा एवं गोवर्धन आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल के निर्देशन में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आगरा श्री अंकित गुप्ता के निर्देशन में वाणिज्य विभाग द्वारा मथुरा जंक्शन पर व्यापक व्यवस्थाएँ की गई हैं। संपूर्ण मेला अवधि के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरंतर निगरानी एवं नियमित निरीक्षण किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा का अनुभव प्राप्त हो सके। इसी क्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आगरा श्री अंकित गुप्ता द्वारा मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन और गोवर्धन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया गया और यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
वाणिज्य विभाग द्वारा की गई प्रमुख व्यवस्थाएँ निम्नलिखित हैं—
यात्रियों की सुविधा के लिए 14 अतिरिक्त बुकिंग एवं आरक्षण काउंटर संचालित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 9 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) तथा 22 टिकटिंग फैसिलिटेटर तैनात किए गए हैं, जिससे यात्रियों को शीघ्र टिकट उपलब्ध हो सके।
विभिन्न मंडलों से अतिरिक्त वाणिज्यिक स्टाफ की तैनाती की गई है। मेला व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रयागराज मंडल से 14, झांसी मंडल से 6 तथा आगरा मंडल से लगभग 90 वाणिज्यिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मथुरा जंक्शन एवं अन्य आवश्यक स्थानों पर तैनात किया गया है। इनकी ड्यूटी शिफ्टवार लगाई गई है, जिससे 24×7 यात्रियों को टिकटिंग, मार्गदर्शन, भीड़ प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक सुविधाएँ निर्बाध रूप से उपलब्ध कराई जा सकें।
मथुरा जंक्शन के सभी प्रवेश द्वारों पर टिकट चेकिंग स्टाफ की तैनाती कर दी गई है, जिससे बिना टिकट किसी भी व्यक्ति का स्टेशन परिसर में प्रवेश रोका जा सके।
भीड़ प्रबंधन एवं यात्रियों के सुचारु संचालन के लिए प्रमुख स्थानों पर वाणिज्य निरीक्षकों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
प्लेटफॉर्मों एवं स्टेशन परिसर में यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए अतिरिक्त रेलवे स्टाफ तथा स्काउट्स एवं गाइड्स तैनात किए गए हैं।
खानपान स्टॉलों पर मूल्य सूची का प्रदर्शन सुनिश्चित कराया गया है तथा ओवरचार्जिंग रोकने के लिए नियमित निरीक्षण किए जा रहे हैं।
अनधिकृत वेंडरों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है।
यात्रियों की सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए मथुरा जंक्शन के तीनों प्रवेश द्वारों पर हेल्प डेस्क/पूछताछ काउंटर स्थापित किए गए हैं।
स्टेशन परिसर, प्रतीक्षालयों एवं प्लेटफॉर्मों पर विशेष साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
मथुरा जंक्शन के प्रथम एवं तृतीय प्रवेश द्वार पर यात्रियों के विश्राम एवं प्रतीक्षा हेतु दोनों ओर लगभग 3,500 वर्गफुट क्षेत्रफल के वाटरप्रूफ होल्डिंग एरिया विकसित किए गए हैं।
श्रद्धालुओं की बढ़ी हुई संख्या को देखते हुए 6 मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन तथा 5 ट्रेनों का विस्तार किया गया है।आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा।
मेला अवधि के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों की शिफ्टवार तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि प्रत्येक समय व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी एवं त्वरित निर्णय लिया जा सके।यात्रियों की सहायता के लिए 3 हेल्पलाइन/सहायता एवं पूछताछ काउंटर चौबीसों घंटे कार्यरत हैं, जहाँ यात्रियों को आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
संपूर्ण मेला अवधि में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण एवं सतत मॉनिटरिंग की जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।आगरा मंडल श्रद्धालुओं से अपील करता है कि वे यात्रा के दौरान रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें, केवल वैध टिकट के साथ यात्रा करें तथा किसी भी प्रकार की सहायता के लिए हेल्प डेस्क अथवा रेलवे कर्मचारियों से संपर्क करें। रेलवे प्रशासन श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।





















