गोविन्द पाराशर– संवाददाता आगरा
आगरा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार 25 जुलाई को दो दिवसीय दौरे पर यहां आ रहे हैं। इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में जिले को 421 करोड़ रुपये की 53 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी होगा और कई योजनाओं का लोकार्पण भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जनसभा स्थल से लेकर मुख्यमंत्री के प्रस्तावित रूट तक तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड में विशाल जनसभा के लिए वाटरप्रूफ टेंट लगाया जा रहा है। नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभाग मुख्यमंत्री के स्वागत और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
मुख्यमंत्री 25 जुलाई की शाम करीब चार बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से सीधे फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड जाएंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसी मंच से मुख्यमंत्री 37 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और 16 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं में लोक निर्माण विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, सेतु निगम समेत विभिन्न विभागों की करोड़ों रुपये की योजनाएं शामिल हैं।
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंचेंगे, जहां वे जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। यहीं उनका रात्रि विश्राम प्रस्तावित है। प्रशासन ने सर्किट हाउस की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को भी चाक-चौबंद कर दिया है।
दौरे के दूसरे दिन 26 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, खंदारी परिसर स्थित शिवाजी मंडपम ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में कैशलेस योजना का शुभारंभ करेंगे।परिसर में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध, नवाचार, सामाजिक सरोकारों। और जनकल्याणकारी गतिविधियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो 90.4 एफएम ‘आगरा की आवाज़’ द्वारा विश्वविद्यालय की शताब्दी यात्रा, उपलब्धियों, सामाजिक योगदान और छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री भी प्रस्तुत की जाएगी।





















