दैनिक जिला नज़र संवाददाता
आगरा। खेरागढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप से राहत दिलाने के लिए नगर पंचायत द्वारा जिला परिषद मार्केट एवं सब्जी मंडी में बड़े स्तर पर ग्रीन नेट लगवाने का कार्य कराया गया है। नगर पंचायत की इस पहल से बाजार आने वाले आमजन, व्यापारियों और ग्राहकों को चिलचिलाती धूप से काफी राहत मिलेगी।
गर्मी के कारण दोपहर के समय बाजार क्षेत्र में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खासतौर पर सब्जी मंडी में रोजाना खरीदारी करने आने वाले लोगों और दुकानदारों को तेज धूप में काम करना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में बाजार के ऊपर लगाए गए ग्रीन नेट अब लोगों के लिए राहत का बड़ा सहारा बनेंगे।
व्यापारियों ने नगर पंचायत की इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इससे बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी और लोगों को आरामदायक वातावरण मिलेगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुधीर गर्ग गुड्डू ने बताया कि नगरवासियों की सुविधा नगर पंचायत की प्राथमिकता है। भीषण गर्मी को देखते हुए यह कार्य कराया गया है और आगे भी जनहित में ऐसे कार्य लगातार किए जाते रहेंगे।





















