दैनिक जिला नगर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत ब्लॉक फतेहाबाद में तैनात संविदाकर्मी आशा संगिनियों ने पिछले 3 माह से मानदेय न मिलने से मोर्चा खोल दिया है। आर्थिक तंगी से परेशान आशा संगीनियों ने अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर शुक्रवार से पूर्ण कार्य बहिष्कार किया गया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक अभिषेक चौहान को सौंपे गए ज्ञापन में आशा संगिनियों ने बताया कि वे लंबे समय से बिना वेतन के सेवाएं दे रही हैं। पिछले 3 माह से मानदेय न मिलने के कारण अब उनके सामने परिवारों के भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
घर चलाना भी दूभर होने से कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी सुनवाई न होने पर मजबूरन उन्होंने यह कदम उठाया है। आशा संगीनियों का कहना है कि मानदेय न मिलने तक वे काम पर नहीं लौटेंगी।
इस दौरान मुख्य रूप से गुड्डी देवी, अंजली, विरमा देवी, रजनीश देवी, उषा देवी, निर्मला देवी, मीरा, ललित सहित आदि मौजूद रहीं।





















