दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। निबोहरा थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। खनन का वीडियो बनाने से नाराज आरोपितों ने युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहाबाद में भर्ती कराया गया है।
भोगपुरा निवासी नरेश और उसके भाई का आरोप है कि गांव के ही बिल्ला और पप्पू अवैध मिट्टी खनन कर रहे थे। इसका वीडियो बनाने पर शुक्रवार सुबह दोनों आरोपितों ने नरेश पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में नरेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि निबोहरा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन धड़ल्ले से चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है। इसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
इस संबंध में एसीपी शमसाबाद राजीव रंजन से जानकारी लेने पर उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





















