दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। फतेहाबाद के पठान मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय आरिश खान पुत्र बशारत खान की शिकोहाबाद क्षेत्र स्थित छीछामई नहर में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।शुक्रवार को शव मिलने के बाद घर लाया गया जहां सुपुर्दे खाक किया गया।
जानकारी के अनुसार, आरिश खान अपने मामा के घर शिकोहाबाद आए थे। वह ममेरे भाई के साथ वाटर पार्क जाने निकले थे। रास्ते में बालाजी मंदिर के पास स्थित छीछामई नहर पर पहुंचकर रील बनाने के दौरान आरिश ने नहर में छलांग लगा दी। नहर में तेज बहाव होने के कारण वह गहरे पानी में समा गए और लापता हो गए।
सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने लगातार तलाश अभियान चलाया। करीब 34 घंटे की मशक्कत के बाद आरिश का शव नहर से बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद ट्रॉमा सेंटर भेज दिया है। युवक की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है।





















