फतेहपुर सीकरी थाना प्रभारी की सख्त हिदायत – दोबारा लगाई दुकान तो होगी कार्रवाई
दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। बुलंद दरवाजा दरगाह परिसर में अवैध रूप से फूल, चादर, मार्बल पत्थर का सामान बेच रहे दुकानदारों पर बुधवार को सीकरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही दुकानदार सामान छोड़कर भाग खड़े हुए।
थाना प्रभारी आनंद वीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अचानक दरगाह के अंदर और बाहर छापा मारा। पुलिस की गाड़ी रुकते ही अवैध फड़ लगाकर बैठे दुकानदारों में भगदड़ मच गई। कई दुकानदार अपना माल वहीं छोड़कर गलियों में भाग निकले।
पुलिस ने मौके से फूल-माला, चादर का सामान जब्त कर लिया। एक दुकानदार को पुलिस ने मौके से ही पकड़कर थाने पहुंचा दिया।थाना प्रभारी आनंद वीर सिंह ने दरगाह परिसर में अवैध रूप से दुकान लगाने वालों को कड़ी चेतावनी दी।
उन्होंने साफ कहा कि दरगाह के अंदर-बाहर अगर दोबारा अवैध दुकानें लगाकर सामान बेचने की सूचना मिली तो सीधी कानूनी कार्रवाई होगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद दरगाह क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है





















