दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। तहसील फतेहाबाद क्षेत्र में हाल ही में हुई भारी वर्षा और जलभराव से मूंग की फसल को हुए व्यापक नुकसान को लेकर भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण सिंह ने उप जिलाधिकारी फतेहाबाद को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा और राहत दिलाने की मांग की है।
भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष वीरी सिंह के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र के अनेक गांवों में लगातार हुई बारिश के कारण मूंग की तैयार फसल खेतों में ही खराब हो गई है।
किसानों ने बीज, खाद, सिंचाई एवं अन्य कृषि कार्यों पर भारी खर्च किया था, लेकिन प्राकृतिक आपदा के चलते उनकी मेहनत और पूंजी दोनों बर्बाद हो गई हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और उनकी आजीविका पर भी संकट खड़ा हो गया है।
ज्ञापन में मांग की गई कि तहसील फतेहाबाद के सभी प्रभावित गांवों में राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम द्वारा तत्काल सर्वे कराया जाए। जिन किसानों की फसल में 33 प्रतिशत या उससे अधिक नुकसान हुआ है, उन्हें शासन की नीति के अनुसार शीघ्र मुआवजा दिया जाए।
साथ ही प्रभावित किसानों के बैंक ऋण एवं अन्य देय वसूली पर अस्थायी रोक लगाने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं अन्य बीमा योजनाओं से जुड़े किसानों के दावों का जल्द निस्तारण करने की भी मांग उठाई गई।
किसान यूनियन ने शासन से विशेष राहत पैकेज देने और जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। किसानों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर राहत प्रदान करने का अनुरोध किया है।





















