दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। डौकी पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बकरी चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई दोनों बकरियों को सकुशल बरामद कर लिया है। घटना में प्रयुक्त एक पोलो वॉक्सवैगन कार भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
जानकारी के अनुसार, दिनदहाड़े दुकान के पास से दो बकरियां चोरी कर ली गई थीं। मामले की सूचना मिलते ही डौकी पुलिस ने सर्विलांस टीम के साथ जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने वाजिदपुर अंडरपास सर्विस रोड पर घेराबंदी की।
पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की, जिसमें दो शातिर पशु चोरों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बकरी चोरी की घटना स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई दोनों बकरियां बरामद कर ली गईं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई पोलो वॉक्सवैगन कार को भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि उनका किसी अन्य पशु चोरी की घटनाओं से संबंध तो नहीं है। क्षेत्र में पशु चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
चोरी गया माल वापस मिलने पर पीड़ित ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता व प्रभावी कार्रवाई की सराहना की। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस सफलता को सराहनीय बताते हुए कानून-व्यवस्था के प्रति भरोसा जताया है।





















