वरिष्ठ पत्रकार शिवओम शर्मा और इंद्रजीत प्रेमी को मिला ‘स्व. बालेश्वर लाल पत्रकारिता सम्मान 2026’
– इगलास में ग्रामीण पत्रकारिता दिवस पर जुटे बड़ी संख्या में कलमकार
अलीगढ़। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के संस्थापक एवं ग्रामीण पत्रकारिता के पुरोधा स्वर्गीय बालेश्वर लाल की 39वीं पुण्यतिथि को अलीगढ़ जनपद में ग्रामीण पत्रकारिता दिवस के रूप में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। इगलास स्थित प्रकाश कॉन्वेंट स्कूल में श्रद्धांजलि सभा, विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पत्रकारों और संगठन पदाधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं पदाधिकारियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद स्व. बालेश्वर लाल के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। विद्यालय प्रबंधक चौधरी श्यामबाबू सिंह ने सभी आगंतुक पत्रकारों का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत और सम्मान किया।
ग्रामीण पत्रकारिता के बिना अधूरा है लोकतंत्र का चौथा स्तंभ’
मुख्य वक्ता मंडल अध्यक्ष राज नारायण सिंह ने कहा कि ग्रामीण पत्रकारिता लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि स्व. बालेश्वर लाल ने उस दौर में ग्रामीण पत्रकारिता को नई पहचान दी, जब गांवों की खबरों को मुख्यधारा के मीडिया में स्थान मिलना कठिन था। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया।जिलाध्यक्ष देवेंद्र पाराशर ने कहा कि बालेश्वर लाल ने केवल संगठन की स्थापना नहीं की, बल्कि पत्रकारों को एक परिवार के रूप में जोड़ा। संगठन आज भी प्रत्येक साथी के सुख-दुख में मजबूती से साथ खड़ा है।
मंडल महामंत्री योगेश कौशिक ने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और ग्रामीण पत्रकारिता ही वास्तविक पत्रकारिता का स्वरूप है। उन्होंने पत्रकारों से बालेश्वर लाल के आदर्शों और पत्रकारिता मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
जिला उपाध्यक्ष हृदेश चौधरी ने ग्रामीण पत्रकारों के सामने मौजूद चुनौतियों और सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जनसरोकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाना पत्रकारों की जिम्मेदारी है। वहीं जिला उपाध्यक्ष सत्या पंडित ने कहा कि पत्रकारिता की सबसे बड़ी ताकत उसकी विश्वसनीयता होती है और इसे हर हाल में बनाए रखना चाहिए।
जिला संप्रेक्षक एमएस सैफी ने कहा कि बालेश्वर लाल ने ग्रामीण पत्रकारों को निडर होकर अपनी बात रखने का मंच दिया, जिसके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। इगलास तहसील अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों और पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया।
वरिष्ठ पत्रकार हुए सम्मानितका
र्यक्रम के अंतिम चरण में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट, निष्पक्ष और उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार शिवओम शर्मा और इंद्रजीत प्रेमी को ‘स्व. बालेश्वर लाल पत्रकारिता सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। अतिथियों द्वारा दोनों वरिष्ठ कलमकारों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में नरेंद्र शर्मा, नरेंद्र गुप्ता, विशाल उपाध्याय, सचिन प्रेमी और आदेश चौधरी का विशेष योगदान रहा। समारोह में मंडल महामंत्री विवेक शर्मा, गौरव चौधरी, कुलदीप शर्मा, विष्णु शर्मा, मोहित शर्मा, पंकज शर्मा, उमाशंकर शर्मा, योगेश उपाध्याय, संजय भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





















