मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के गांव नरहोली में बारात चढ़ाई के दौरान मारपीट किए जाने की घटना को लेकर जिले की सियासत लगातार गरमाती जा रही है। घटना के दो दिन बाद बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता भी सक्रिय दिखाई दिए। दलित राजनीति करने वाली पार्टी पर अब सवाल उठ रहे हैं कि अपने ही समाज से जुड़ी इतनी बड़ी घटना पर संज्ञान लेने में देरी क्यों हुई,जबकि अन्य राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के नेता पहले दिन से ही अपने-अपने समुदाय के लोगों से मुलाकात कर माहौल शांत कराने में जुटे हुए हैं।

घटना के बाद ठाकुर समाज के समर्थन में पूर्व सांसद मथुरा प्रत्याशी कुंवर नरेंद्र सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा।वहीं जाटव समाज की ओर से भीम आर्मी के पदाधिकारी लगातार अधिकारियों से वार्ता कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।

इसी बीच शनिवार, 23 मई 2026 को बहुजन समाज पार्टी का प्रतिनिधिमंडल डीएम कार्यालय मथुरा पहुंचा और मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल थाना हाईवे क्षेत्र के गांव नरहोली पहुंचा,जहां पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली गई।बसपा नेताओं ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि पार्टी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।उधर, ठाकुर समाज से जुड़े संगठन करणी सेना की ओर से सोशल मीडिया पर महापंचायत आयोजित किए जाने की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। मामले को लेकर जिले में सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियां लगातार बढ़ती दिखाई दे रही हैं।

https://www.facebook.com/share/r/1DJpimAxvp/





















