• गोविन्द पाराशर– संवाददाता आगरा
आगरा। आपको शोले फिल्म का वह दृश्य याद होगा, जिसमें बसंती से शादी कराने की मांग को लेकर वीरू पानी की टंकी पर चढ़ गया था। जमाना बदल गया है, अब वीरू नहीं, बसंती भी ऐसी मांग करने लगी है।
शमसाबाद क्षेत्र में आज शनिवार की सुबह बिजली की हाईटेंशन लाइन के टावर पर एक “बसंती” चढ़ गई, और अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग करने लगी। काफी देर तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
मीडिया रिपोर्ट में यह मामला थाना शमशाबाद क्षेत्र के गढ़ी डन्डूरा का बताया गया। युवती के विद्युत हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़ने से खलबली मच गई। बड़ी संख्या लोगों की भीड़ जुट गई।
सभी युवती को नीचे उतारने के प्रयास में जुट गए लेकिन युवती ने नीचे उतरने से इन्कार कर दिया। वह कहने लगी कि वह जिस युवक से शादी करना चाहती है उससे पहले शादी करना।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने युवती को समझाया कहा कि उसकी हर बात को मानेंगे, इसके बाद करीब तीन घंटे बाद युवती हाईटेंशन लाइन के टावर से उतरी। पूरा घटनाक्रम क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।





















