दिगनेहर में चार दिन में तीन ट्रांसफार्मर फुंके, भीषण गर्मी में जनता बेहाल
आगरा। एक तरफ टोरेंट पावर कारपोरेशन पर करोड़ों रुपये के बकाया को सरकार द्वारा माफ किए जाने की चर्चाएं तेज हैं, वहीं दूसरी तरफ आगरा के गांव दिगनेहर के लोग बिजली व्यवस्था की बदहाली से त्रस्त हैं। गांव में बीते चार दिनों के भीतर तीन विद्युत ट्रांसफार्मर फुंक चुके हैं, जिससे लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है।
45 डिग्री की भीषण गर्मी में लगातार बिजली गुल रहने से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। घरों में पंखे और कूलर बंद पड़े हैं, पेयजल संकट गहराने लगा है और बच्चों-बुजुर्गों की हालत खराब हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विभाग सिर्फ आश्वासन दे रहा है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब बड़ी कंपनियों के करोड़ों रुपये माफ किए जा सकते हैं, तो आम जनता को कम से कम बेहतर बिजली सुविधा तो मिलनी चाहिए। गांव में बार-बार ट्रांसफार्मर फुंकने से व्यवस्था की पोल खुल गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। अब सवाल यही उठ रहा है कि आखिर आम जनता कब तक गर्मी में उबलती रहेगी और बिजली व्यवस्था कब सुधरेगी?





















