जिला नजर संवाददाता
अलीगढ़। जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के अंतर्गत नागरिकों को दी गई ऑनलाइन स्व-गणना सुविधा अब अपने अंतिम चरण में है। यह सुविधा केवल 21 मई तक उपलब्ध रहेगी। इसके लिए अब मात्र 6 दिन शेष हैं।
यदि किसी परिवार ने निर्धारित अवधि में स्व-गणना नहीं की, तो 22 मई से प्रगणक घर-घर पहुंचकर जानकारी एकत्र करेंगे, जहां परिवारों को सभी आवश्यक सवालों के जवाब देने होंगे।
जिला जनगणना प्रमुख अधिकारी एवं जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और समय रहते घर बैठे ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर लें।
इससे नागरिक अपनी सुविधानुसार जानकारी दर्ज कर सकेंगे और बाद में प्रगणक के आने पर केवल एस ई आईडी दिखानी होगी।
स्व-गणना के लिए नागरिक se.census.gov.in पर जाकर सबसे पहले अपना राज्य उत्तर प्रदेश चयन करेंगे।
इसके बाद कैप्चा भरना होगा, फिर मोबाइल नंबर एवं परिवार के मुखिया का नाम दर्ज कर ओटीपी सत्यापन करना होगा। प्रक्रिया के अगले चरण में स्क्रीन पर मानचित्र प्रदर्शित होगा, जिसमें अपने मकान की लोकेशन मार्क करनी होगी। इसके बाद मकान एवं परिवार से संबंधित आवश्यक विवरण भरकर प्रक्रिया पूर्ण की जा सकेगी।
जिला जनगणना अधिकारी एवं एडीएम वित्त प्रमोद कुमार ने बताया कि 22 मई से घर-घर सर्वेक्षण अभियान शुरू होगा। इस दौरान प्रगणक प्रत्येक घर पहुंचकर परिवार से संबंधित सूचनाएं संकलित करेंगे।
उन्होंने बताया कि जनगणना संबंधी किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए जिला प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन नंबर 0571-2400701 एवं मोबाइल नंबर 8171496081 भी जारी किए गए हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहयोग करें, समय रहते स्व-गणना पूर्ण करें और जनगणना कार्मिकों का सम्मान करें।





















