जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। आगामी त्योहार ईद-उल-अजहा के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, धर्मगुरुओं, संभ्रांत व्यक्तियों तथा जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से ईद-उल-अजहा का पर्व पारंपरिक तरीके से शांतिपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाह अथवा आपत्तिजनक पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा न करें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें।
बैठक में यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग एवं साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। साथ ही ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
डीएम एवं एसएसपी ने कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएंगी, जिससे आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।





















