दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वारा प्रवेशोत्सव 2026-27 के अंतर्गत व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनसंपर्क अभियान चलाया गया। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने नगर के विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को प्रवेश के प्रति जागरूक किया।
अभियान के तहत टीम ने जनता इंटर कॉलेज, सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कॉलेज, श्रीमती भगवान देवी कन्या इंटर कॉलेज तथा श्री शंकर लाल हायर सेकेंडरी स्कूल में जाकर प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से संपर्क किया।
इस दौरान महाविद्यालय में संचालित पाठ्यक्रमों, शैक्षणिक सुविधाओं एवं प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी दी गई।विद्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में पोस्टर, बैनर एवं पंपलेट के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर अरुणा त्रिपाठी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए राजकीय महाविद्यालय स्थापित किए गए हैं। उन्होंने अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं से प्रवेश लेकर लाभान्वित होने का आह्वान किया।
प्रचार-प्रसार टीम में डॉ. तेजेंद्र सिंह यादव, डॉ. बेद प्रकाश सिंह, भरत सिंह एवं सुमित शामिल रहे।





















