दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। भीषण गर्मी में प्यास से बेहाल बेजुबान पक्षियों को राहत देने के उद्देश्य से श्री महावीर जी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने अनूठी पहल की। बच्चों ने पक्षियों के लिए पानी पीने के पात्र तैयार किए और उन पर सुंदर चित्रकारी कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। साथ ही घास से आकर्षक घोंसले भी बनाए।
विद्यालय परिसर में आयोजित गतिविधि के दौरान बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया। तैयार किए गए पात्र विद्यालय को सौंपे गए, ताकि उन्हें विभिन्न स्थानों पर रखकर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था की जा सके। बच्चों की रचनात्मकता और सामाजिक सोच की विद्यालय परिवार एवं क्षेत्रीय लोगों ने सराहना की।
प्रधानाचार्य संजीव शर्मा ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों में संवेदनशीलता और प्रकृति प्रेम की भावना विकसित करती हैं। वहीं प्रबंधक आशीष शर्मा ने विद्यार्थियों के प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि गर्मी में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना पुण्य का कार्य है।





















